लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सांवरिया सेठ मंदिर में भरा अमावस्या मेला, ‘मीरा’ के भजनों से गूंजा नौगांवा
विश्व शांति हेतु विशेष अनुष्ठान, गो-परिक्रमा का महत्व बताया
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) श्री सांवरिया सेठ मंदिर ट्रस्ट की ओर से नौगांवा स्थित सांवरिया सेठ मंदिर में अमावस्या के पावन अवसर पर भव्य मेले का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर दर्शन किए और धर्मलाभ लिया।
मुख्य यजमान भेरूलाल मनीष चोरडिया की मौजूदगी में पंडित रमाकांत ने विश्व शांति के लिए विशेष अनुष्ठान संपन्न कराया। इस दौरान मंदिर में ध्वज चढ़ाने की विधि भी पूरी श्रद्धा के साथ की गई।
ट्रस्ट अध्यक्ष गोविंद प्रसाद सोडाणी ने बताया कि कार्यक्रम में कृष्ण भक्त मीरा बाई के भजनों की मनमोहक प्रस्तुति हुई, जिनमें “पायो जी मैंने राम रतन धन पायो…” और “मेरो तो गिरधर गोपाल, दूसरो न कोई…” जैसे भजनों पर भक्त झूम उठे।
कार्यक्रम के दौरान गो-परिक्रमा के महत्व पर भी विस्तृत जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि हिंदू धर्म में गाय को अत्यंत पवित्र माना गया है और उसकी परिक्रमा से मानसिक शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि का आशीर्वाद मिलता है। माना जाता है कि गौमाता में तैंतीस करोड़ देवताओं का वास है, इसलिए गो-परिक्रमा को मोक्षदायिनी बताया गया है।
पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्तिमय वातावरण में अनुष्ठान व भजनों का श्रवण किया और प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ लिया।
