लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
7 अगस्त तक करें आवेदन
IHITC जयपुर 22-23 अगस्त को आयोजित करेगा दो दिवसीय प्रायोगिक प्रशिक्षण, सीमित सीटें उपलब्ध
जयपुर।(रूपनारायण सांवरिया) शहरों में सुरक्षित, रसायनमुक्त और ताजी सब्जियों के उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय उद्यानिकी नवाचार एवं प्रशिक्षण संस्थान (IHITC), दुर्गापुरा, जयपुर पहली बार रूफटॉप फार्मिंग एवं किचन गार्डनिंग विषय पर दो दिवसीय प्रायोगिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। यह प्रशिक्षण 22 एवं 23 अगस्त 2026 (शनिवार एवं रविवार) को आयोजित होगा।
प्रशिक्षण का उद्देश्य शहरी नागरिकों को घर की छत, बालकनी या सीमित स्थान में जैविक एवं रसायनमुक्त सब्जियों का उत्पादन करने की वैज्ञानिक तकनीकों से परिचित कराना है, ताकि परिवारों को सुरक्षित एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध हो सके और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिले।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को रूफटॉप गार्डन की स्थापना, किचन गार्डन की वैज्ञानिक तकनीक, जैविक पोषण प्रबंधन, प्राकृतिक तरीके से कीट एवं रोग नियंत्रण, मौसमी सब्जियों की उन्नत खेती तथा पौधों की देखभाल का विशेषज्ञों द्वारा व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
संस्थान के अनुसार प्रशिक्षण पूरी तरह प्रैक्टिकल आधारित होगा। प्रशिक्षण के समापन पर परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।
एक बैच में अधिकतम 50 प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी 7 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र IHITC कार्यालय, दुर्गापुरा, जयपुर से प्राप्त किए जा सकते हैं।
प्रशिक्षण के लिए आवासीय शुल्क 4,000 रुपये तथा गैर-आवासीय शुल्क 2,000 रुपये निर्धारित किया गया है। आवासीय प्रतिभागियों के लिए ठहरने, जलपान एवं भोजन की व्यवस्था संस्थान द्वारा की जाएगी।
प्रशिक्षण से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति कार्यालय समय में मोबाइल नंबर 8432231322 पर संपर्क कर सकते हैं।
यह प्रशिक्षण उन लोगों के लिए उपयोगी अवसर है जो अपने घर की छत या सीमित स्थान में जैविक सब्जियों की खेती सीखकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाना चाहते हैं।




















































