लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया) पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास के नेतृत्व में रविवार को जयपुर के कलेक्ट्री सर्किल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राम मंदिर निर्माण और चढ़ावे में कथित घोटाले व अनियमितताओं की जांच की मांग करते हुए भाजपा सरकार का पुतला फूंका।
प्रदर्शन की शुरुआत भगवान श्रीराम की आरती से की गई। इसके बाद बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि राम मंदिर निर्माण और चढ़ावे में कथित रूप से हजारों करोड़ रुपये के घोटाले की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में SIT से कराई जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में पारदर्शिता नहीं है और निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
खाचरियावास ने यह भी कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को पूरे प्रदेश और देश में उठाएगी तथा चरणबद्ध आंदोलन करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर निर्माण और चंदा संग्रह के दौरान अनियमितताओं की जांच होनी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता “जय सियाराम”, “घोटाले की जांच करो” और “भाजपा सरकार मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाते हुए शामिल हुए।
इस दौरान जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा, पूर्व अध्यक्ष आर.आर. तिवारी, पूर्व विधायक गंगा देवी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।