लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर (नितिन मेहरा, वरिष्ठ संवाददाता)। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय राजेश पायलट की 26वीं पुण्यतिथि पर अजमेर शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम का आयोजन पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय जैन के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान उन्होंने राजेश पायलट के देश, समाज और किसानों के प्रति योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा जनहित की राजनीति को प्राथमिकता दी और जीवनभर किसानों, मजदूरों तथा वंचित वर्गों की आवाज बुलंद की।
विजय जैन ने कहा कि स्वर्गीय राजेश पायलट ने राजनीति में सादगी, ईमानदारी और जनसेवा की मिसाल कायम की। उनके आदर्श आज भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राजेश पायलट के बताए मार्ग पर चलने तथा जनसेवा और सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि उनके सिद्धांतों और विचारों को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।
कार्यक्रम में शहर कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, विभिन्न अग्रिम संगठनों के प्रतिनिधि, ब्लॉक अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




















































