लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सीकर के बजरंग लाल जैथू को प्रथम, श्रीगंगानगर के खरलां जल उपभोक्ता संगम को तृतीय पुरस्कार
जयपुर, 13 नवम्बर।
राजस्थान ने 6वें राष्ट्रीय जल पुरस्कार 2024 की विभिन्न श्रेणियों में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर जल संरक्षण और संचयन के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है।
केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय के जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण विभाग द्वारा घोषित परिणामों में श्रीगंगानगर के खरलां जल उपभोक्ता संगम ने सर्वश्रेष्ठ जल उपयोगकर्ता संघ श्रेणी में तृतीय पुरस्कार, जबकि सीकर के बजरंग लाल जैथू ने जल क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति (पश्चिम क्षेत्र) का प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया है।
इसके अलावा,
-
बिरला प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान (BITS), पिलानी ने इनसाइड कैंपस संस्थान श्रेणी में संयुक्त द्वितीय पुरस्कार,
-
अंबुजा फाउंडेशन, जयपुर ने सर्वश्रेष्ठ नागरिक समाज संगठन श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार हासिल किया है।
सीकर के बजरंग लाल जैथू वर्ष 1993 से जल संरक्षण और प्रबंधन के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने जलाशयों के पुनर्स्थापन, सार्वजनिक स्थलों पर जल-संरक्षण नवाचारों और जनजागरण अभियानों के माध्यम से उल्लेखनीय कार्य किया है। वहीं खरलां जल उपभोक्ता संगम ने नहरों की सफाई, जल प्रबंधन और किसानों को नई तकनीक से जोड़ने जैसे प्रयासों से क्षेत्र में जल संरक्षण की दिशा में उदाहरण प्रस्तुत किया है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि राजस्थान जल संरक्षण और संचयन में नई पहचान बना रहा है। आमजन में जल की महत्ता के प्रति जागरूकता बढ़ी है और राज्य सरकार इस दिशा में ‘वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान’ तथा ‘कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान’ जैसे प्रयासों से ठोस कदम उठा रही है।
इन अभियानों के तहत जलाशयों की मरम्मत, सफाई, जल निकासी व्यवस्था में सुधार, पौधारोपण और भूजल रिचार्ज संरचनाओं का निर्माण जैसे कार्य किए जा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष घोषित 6वें राष्ट्रीय जल पुरस्कारों में कुल 46 विजेताओं का चयन किया गया है। ये पुरस्कार 10 श्रेणियों में — सर्वश्रेष्ठ राज्य, जिला, ग्राम पंचायत, शहरी स्थानीय निकाय, विद्यालय/महाविद्यालय, उद्योग, जल उपयोगकर्ता संघ, संस्थान, नागरिक समाज और व्यक्तिगत उत्कृष्टता — प्रदान किए जाएंगे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आगामी 18 नवम्बर को नई दिल्ली में विजेताओं को ये पुरस्कार प्रदान करेंगी।
