पुलिस टीम पर हमला, 5 पुलिसकर्मी घायल

0
40
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

अवैध हथियार के वायरल वीडियो की जांच करने गई थी टीम, 40 लोगों पर हमले का आरोप

भरतपुर। डीग जिले के सीकरी थाना क्षेत्र के बुढ़ली गांव में अवैध हथियार लहराने के वायरल वीडियो की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर कथित रूप से ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस हमले में पांच पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए भरतपुर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर एक युवक का अवैध हथियार के साथ वीडियो वायरल हुआ था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सीकरी थाना पुलिस की टीम दो वाहनों में सवार होकर संबंधित युवक के घर जांच और पूछताछ के लिए पहुंची थी। पुलिस हथियार के लाइसेंस एवं अन्य दस्तावेजों की जानकारी जुटा रही थी।

इसी दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। आरोप है कि करीब 40 लोगों ने पुलिस टीम पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिसकर्मियों को गंभीर चोटें आईं।

घटना सोमवार रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। घायल पुलिसकर्मियों को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल जवानों को भरतपुर रेफर कर दिया गया।

हमले में घायल पुलिसकर्मियों में सुरेश, लक्ष्मण सिंह, भूपेंद्र सिंह, रघुवीर तथा दशरथ सिंह शामिल हैं।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हमले में शामिल आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिसकर्मियों पर हमला करने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद गांव में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here