लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
ड्रग्स बिक्री के 8,300 रुपये और मोबाइल फोन बरामद, आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं कई मामले
मकराना (प्रदीप कुमार डागा)।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मकराना थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गश्त के दौरान एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 5.34 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए, ड्रग्स बिक्री के 8,300 रुपये तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (परबतसर) भूपेन्द्र शर्मा एवं वृत्ताधिकारी (मकराना) विक्की नागपाल के सुपरविजन में मकराना थानाधिकारी एवं पुलिस निरीक्षक जगदीश प्रसाद के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
संदिग्ध गतिविधियों पर हुई कार्रवाई
दिनांक 5 जून 2026 को पुलिस टीम क्षेत्र में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान गुढ़ा निवासी कानाराम सांसी की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की। तलाशी लेने पर उसके पास से 5.34 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से ड्रग्स बिक्री से संबंधित 8,300 रुपये नकद तथा तस्करी नेटवर्क की जानकारी जुटाने के उद्देश्य से एक सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
गिरफ्तार आरोपी कानाराम (32 वर्ष) पुत्र समदरराम सांसी, निवासी गुढ़ा (परबतसर) का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ पूर्व में मकराना, गांधीनगर (अजमेर) एवं परबतसर थानों में एनडीपीएस एक्ट और चोरी सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी मादक पदार्थ किस स्रोत से लेकर आया था और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी। मामले की अग्रिम जांच थानाधिकारी बडू अजय सिंह द्वारा की जा रही है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम देने वाली टीम में मकराना थानाधिकारी जगदीश प्रसाद, हेड कांस्टेबल महेन्द्र कुमार तथा कांस्टेबल ओमप्रकाश, सुखदेव, नंदराम, रामेश्वर और रमेश शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा इस अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



















































