पिण्डवाड़ा में निकला ताजिया जुलूस, दिखी अकीदत और भाईचारे की मिसाल

0
19
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

सिरोही। सिरोही जिले के पिण्डवाड़ा नगर में मोहर्रम के अवसर पर हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में पारंपरिक ताजिया जुलूस श्रद्धा और अकीदत के साथ निकाला गया। मातमी धुनों और “या हुसैन” की सदाओं के बीच निकले जुलूस में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने भाग लिया।

जुलूस के दौरान श्रद्धालुओं ने हजरत इमाम हुसैन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पारंपरिक मातम किया। वहीं युवाओं ने विभिन्न हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन, श्रद्धा और सांप्रदायिक सौहार्द का वातावरण देखने को मिला।

ताजिया जुलूस नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए अपने निर्धारित स्थान तक पहुंचा। आयोजन को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।

उपखंड अधिकारी नरेंद्र जांगिड़, तहसीलदार शंकरलाल परिहार, अधिशासी अधिकारी योगेश आचार्य तथा थाना अधिकारी महेंद्र कुमार सीरवी के नेतृत्व में पुलिस, विद्युत विभाग और नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी पूरे समय तैनात रहे। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जुलूस मार्ग पर विशेष निगरानी रखी गई।

प्रशासन की सतर्कता और समाज के सहयोग से मोहर्रम का ताजिया जुलूस शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ तथा आयोजन ने आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और एकता का संदेश दिया।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here