लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
राजकीय सीनियर उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम
लोकेशन: पीसांगन, अजमेर
स्थानीय संवाददाता: ओमप्रकाश चौधरी |
पीसांगन के राजकीय सीनियर उच्च माध्यमिक विद्यालय में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय और जन सुरक्षा श्रद्धांजलि कार्यक्रम के तहत साइबर क्राइम जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस मौके पर थानाधिकारी प्रहलाद सहाय ने विद्यार्थियों (नोनिहालों) को संबोधित करते हुए कहा कि आधुनिक युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने छात्रों द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब देते हुए उनकी शंकाओं का समाधान किया और साइबर सुरक्षा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी
थानाधिकारी ने बताया कि साइबर फ्रॉड या वित्तीय धोखाधड़ी की स्थिति में बिना समय गंवाए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कर सहायता प्राप्त करनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि बैंक खातों से जुड़ी जानकारियां किसी के साथ साझा न करें और अपने मोबाइल का उपयोग किसी अनजान व्यक्ति को न करने दें।
गुमशुदा मोबाइल ट्रैक करने का ऐप
कार्यक्रम में प्रहलाद सहाय ने यह भी जानकारी दी कि पुलिस के पास एक ऐसा ऐप है जिसके जरिए गुमशुदा मोबाइल को ट्रैक किया जा सकता है। मोबाइल में नया सिम डालते ही उसकी लोकेशन पुलिस तक पहुंच जाती है और डिवाइस बरामद किया जा सकता है।
नए-नए तरीकों से अपराध
उन्होंने बताया कि तकनीक के विकास के साथ अपराधी भी साइबर अपराध के नए-नए तरीके अपनाते हैं। आजकल अधिकांश लोग इंटरनेट बैंकिंग और ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग कर रहे हैं, जिससे जानकारी के अभाव में वे ठगी का शिकार हो जाते हैं।
छात्रों को दी गई सावधानियां
थानाधिकारी ने विद्यार्थियों को इंटरनेट पर हो रहे अपराधों जैसे —
-
डिजिटल अरेस्ट
-
फेक कॉल और वीडियो कॉल
-
सिम स्वैपिंग
-
लोन फ्रॉड
आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि साइबर क्राइम से बचने के लिए अधिक से अधिक जागरूक और सतर्क रहना बेहद जरूरी है।