लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कोटपूतली। कस्बे के बड़ाबास मोहल्ले में बाला वाला कुआं के पास स्थित नवनिर्मित ओंकारेश्वर महादेव मंदिर एवं संकट मोचन हनुमान मंदिर के उद्घाटन महोत्सव के दौरान भक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिल रहा है।
श्रीमती कांता देवी एवं पंडित रामनिवास शर्मा द्वारा पूर्वजों की स्मृति में निर्मित इस मंदिर में चल रहे कार्यक्रम के पांचवें दिन श्रीमद् भागवत कथा एवं रात्रि में आयोजित नानी बाई का मायरा कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
कार्यक्रम में कथा वाचन करते हुए पंडित हरीश महाराज ने कहा कि जीवन में सुख-दुख भगवान की लीला का हिस्सा हैं और व्यक्ति को कठिन परिस्थितियों से घबराना नहीं चाहिए। उन्होंने भक्त प्रह्लाद, नरसिंह अवतार, गजेंद्र मोक्ष, समुद्र मंथन और राजा हरिश्चंद्र की कथाओं का वर्णन करते हुए भक्ति, विश्वास और दान की महिमा पर प्रकाश डाला।
कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों के साथ श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं की सजीव झांकियां प्रस्तुत की गईं। श्रद्धालु इन झांकियों को देखकर भावविभोर हो उठे।
रात्रि में आयोजित नानी बाई का मायरा कार्यक्रम में भी बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लिया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर चूरू तारानगर के अपर जिला न्यायाधीश संतोष कुमार मीणा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शिव कुमार शर्मा, कमल प्रसाद शर्मा, संजय कुमार शर्मा, एडवोकेट के.के. शर्मा, डॉ. अनिल कुमार शर्मा, आदित्य शर्मा, दिनेश शर्मा, डॉ. चंद्रकांत शर्मा, डॉ. शशिकांत शर्मा, सीताराम शर्मा, धंसीराम शर्मा, पूर्व जिला पार्षद राजेंद्र यादव, विक्रम सैनी, श्याम शर्मा, आशीष निर्वाण, रामजीवन भाटिया, रामकिशोर छीपी, इंद्राज खींपल, राजेंद्र शर्मा, महेश शर्मा और जयराम सूद सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।