लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रियांबड़ी (नागौर) नागौर जिले के रियांबड़ी उपखंड क्षेत्र के ग्राम थांवला में एक अनोखी शादी ने समाज को नई दिशा देने का संदेश दिया है। थांवला निवासी मनीष प्रजापत और रामपुरा के राजेन्द्र प्रजापत ने दहेज प्रथा को पूरी तरह ठुकराते हुए मात्र ₹1 और नारियल में विवाह कर एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।
थांवला से निकली बारात जब जोधपुर पहुंची, तो इस सादगीपूर्ण विवाह ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। बिना किसी दिखावे और अनावश्यक खर्च के सम्पन्न हुआ यह विवाह संस्कारों और सामाजिक मूल्यों की मिसाल बन गया।
दुल्हन के पिता पांचाराम प्रजापति (छोटी पादू, रियांबड़ी क्षेत्र) ने भी इस पहल का समर्थन करते हुए समाज को सकारात्मक संदेश दिया। खास बात यह रही कि छोटे दूल्हे ने भी अपने बड़े साढ़ू से प्रेरणा लेते हुए केवल ₹1 और नारियल ही स्वीकार किया, जिससे यह संदेश और मजबूत हुआ।
इस अनूठे विवाह की क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और समाज के लोगों ने खुलकर सराहना की। बताया जा रहा है कि दूल्हा मनीष प्रजापत Reserve Bank of India में कार्यरत हैं। इस पहल के माध्यम से उन्होंने यह संदेश दिया कि रिश्ते दहेज से नहीं, बल्कि प्यार, विश्वास और संस्कारों से बनते हैं।
