लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
रियांबड़ी (नागौर)।
भैरुन्दा पंचायत समिति के ग्राम पंचायत निंबड़ी कल्ला में शनिवार को दीप राजीविका महिला सर्वांगीण विकास सहकारी समिति की वार्षिक आम सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में आठ ग्राम पंचायतों के 21 ग्राम संगठनों से जुड़े करीब 250 महिला समूहों की सदस्याओं ने भाग लिया।
इस अवसर पर ब्लॉक परियोजना प्रबंधक सुबोध रंजन और सहायक विकास अधिकारी नंद किशोर ने महिलाओं को ई-श्रमिक योजनाओं और राजीविका कार्यक्रमों की जानकारी दी। जितेंद्र पारीक ने वित्तीय साक्षरता पर जानकारी देते हुए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के उपयोग के बारे में बताया।
अश्विनी (यूको आरसेटी, नागौर) ने महिलाओं को कौशल विकास एवं रोजगार अवसरों की जानकारी दी, जबकि क्लस्टर प्रभारी विशाखा राठौड़ ने सीएलएफ की आय-व्यय रिपोर्ट प्रस्तुत की और अधिक से अधिक समूहों से जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में राजीविका स्टाफ के सदस्य, सीएलएफ पदाधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में महिला समूह सदस्याएं मौजूद रहीं।
