लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
— डीजे की धुन पर झूमे महिलाएं-पुरुष, भक्ति और उल्लास का संगम बना जन्मोत्सव व पाटोत्सव
पादूकलां (भरतपुर)।
कस्बे के बस्सी की ढाणी स्थित श्री श्याम मंदिर परिसर में शनिवार को देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर बाबा श्याम के जन्मोत्सव एवं पाटोत्सव का भव्य आयोजन हुआ।
श्री श्याम मित्र मंडल विकास समिति के तत्वावधान में हुए इस आयोजन में भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।
सुबह रघुनाथ मंदिर से भव्य निशान यात्रा की शुरुआत हुई। श्याम प्रेमियों ने श्री चारभुजा मंदिर से बाबा श्याम का ध्वज लेकर “जय श्री श्याम” के जयकारों के साथ यात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा में सैकड़ों भक्तों ने हाथों में निशान लेकर भाग लिया।
डीजे की धुन पर बाबा श्याम के भजनों पर नृत्य करते हुए भक्तगण नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए श्री श्याम मंदिर परिसर पहुँचे। ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजों और डीजे की धुनों पर महिलाएं व पुरुष झूमते नजर आए। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर निशान यात्रा का स्वागत किया।
बच्चों की झांकियों ने मन मोहा — रंग-बिरंगी पोशाकों में सजे बच्चों ने आकर्षक झांकियों के माध्यम से भक्तों का मन मोह लिया। महिलाओं ने सोलह शृंगार कर निशान यात्रा में भाग लिया और भजनों की लय पर नृत्य कर बाबा श्याम को रिझाया। पूरा नगर “जय श्री श्याम” के जयकारों से गूंज उठा और वातावरण श्याममय बन गया।
शाम को श्री श्याम मंदिर को रंग-बिरंगे गुब्बारों, झालरों और फूलों से सजाया गया। मंदिर दूधिया रोशनी में जगमगा उठा। भक्तों में उमंग और उत्साह का माहौल चरम पर था।
रात्रि में भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें भजन मंडलियों ने “हारे के सहारे खाटू श्याम हमारे” जैसे सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी। देर रात तक “जय श्री श्याम” के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।