लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भजनलाल शर्मा ने जीत प्रदेश की जनता और कार्यकर्ताओं को समर्पित की, मदन राठौड़ ने कार्यकर्ताओं को दी ऐतिहासिक विजय की बधाई
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया) राजस्थान के नगर निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिली प्रचंड जीत के बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय में जश्न का माहौल रहा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मीडिया को संबोधित करते हुए प्रदेश की जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक विजय राजस्थान की जनता के विश्वास और पार्टी कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम की जीत है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह विजय भाजपा के उन सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं को समर्पित है, जिन्होंने लगातार मेहनत करते हुए जनता के बीच रहकर पार्टी के पक्ष में वातावरण तैयार किया।
‘मोदी के विकसित भारत-विकसित राजस्थान के संकल्प पर जनता ने लगाई मुहर’
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले ढाई वर्षों में राजस्थान में हुए विकास कार्यों पर जनता ने अपना विश्वास जताया है। प्रदेश की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी के ‘विकसित भारत-विकसित राजस्थान’ के संकल्प को स्वीकार करते हुए भाजपा के पक्ष में मतदान किया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और विजन पर भरोसा जताया है। निकाय चुनाव का परिणाम युवाओं के उस विश्वास को दर्शाता है, जो विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने में सहभागी बनना चाहते हैं।
‘गांव से शहर तक विकास को सरकार ने दी प्राथमिकता’
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहरी निकायों तक विकास कार्यों को प्राथमिकता दी है। सरकार की नीति के अनुरूप ‘ग्राम विकास और शहर विकास’ के कार्यों को धरातल पर उतारने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुना और उनके सुख-दुख में सहभागी बने। मुख्यमंत्री के अनुसार सरकार ने ढाई वर्ष पहले जो संकल्प लिए थे, उनमें से 78 प्रतिशत संकल्प पूरे किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि नगरीय विकास से जुड़े संकल्प पत्र में जनता के हित, विकास, गरीब कल्याण, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठजनों और आमजन से जुड़े जो वादे किए गए हैं, उन्हें भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरा किया जाएगा।
‘जनता ने भाजपा के जनसंपर्क मॉडल को स्वीकार किया’
भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान की जनता ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जनता से जुड़कर उनकी समस्याओं और संवेदनाओं को समझने वाला राजनीतिक दल भाजपा है। उन्होंने कहा कि पार्टी का जनसंपर्क मॉडल, आमजन की बात सुनने और शिकायतों के समाधान की कार्यप्रणाली को जनता ने स्वीकार किया है।
मुख्यमंत्री ने सरकार की जनसुनवाई और समस्या समाधान व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि इसकी 84 प्रतिशत सफलता दर ने भी जनता के विश्वास को मजबूत किया है।
‘पंचायत चुनाव में भी विकास मॉडल पर मुहर लगाएगी जनता’
मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निकाय चुनाव की यह विजय राजस्थान की जनता और भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को समर्पित है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत-विकसित राजस्थान के संकल्प, युवाओं के विश्वास और कार्यकर्ताओं की मेहनत की जीत बताया।
उन्होंने कहा कि ग्राम विकास, वार्ड विकास और निकाय विकास के जिस मॉडल को प्रदेश सरकार आगे बढ़ा रही है, उस पर जनता ने अपनी मुहर लगाई है। आने वाले समय में पंचायत चुनावों में भी जनता भाजपा के विकास मॉडल पर अपना विश्वास व्यक्त करेगी।
मदन राठौड़ ने कार्यकर्ताओं को दी बधाई
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भी निकाय चुनाव में पार्टी की शानदार जीत के लिए प्रदेश की जनता और मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस विजय में भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने मतदाताओं को जागरूक करने और पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने के लिए अथक परिश्रम किया। मदन राठौड़ ने सभी कार्यकर्ताओं को ऐतिहासिक विजय के लिए हार्दिक बधाई एवं धन्यवाद दिया।
भाजपा कार्यालय में मनाया गया जीत का जश्न
भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी, संगठन महामंत्री अजेय सहित प्रदेश पदाधिकारियों का कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया।
इस दौरान भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर विजय की बधाई दी।
कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, डॉ. अरुण चतुर्वेदी, सांसद मंजू शर्मा, विधायक कालीचरण सराफ, बालमुकुंदाचार्य, भाजपा महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, कैलाश मेघवाल, प्रदेश मंत्री डॉ. अपूर्वा सिंह, एकता अग्रवाल, कार्यालय सचिव मुकेश पारीक, मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ, सोशल मीडिया प्रभारी हीरेंद्र कौशिक और आईटी प्रभारी अविनाश जोशी सहित प्रदेश पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।














































