लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
347 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
राजसमंद/जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को राजसमंद जिले को 491 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 347 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने भिक्षु निलयम में आयोजित समारोह में 266 विकास कार्यों का लोकार्पण और 81 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार “विकसित भारत और विकसित राजस्थान-2047” के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है।
491 करोड़ की 347 परियोजनाओं का शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने 369 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 266 कार्यों का लोकार्पण तथा 122 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 81 कार्यों का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से राजसमंद जिले के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और विकास को नई गति प्राप्त होगी।
किसानों और पशुपालकों के लिए कई घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने किसान सम्मान निधि को 6 हजार से बढ़ाकर 9 हजार रुपये किया है। किसानों को बिजली बिलों में लगभग 61 हजार करोड़ रुपये का अनुदान दिया जा रहा है। वहीं, प्रधानमंत्री कुसुम योजना के माध्यम से किसान ऊर्जा उत्पादन से भी जुड़ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना के तहत पशुपालकों को 1 लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण तथा दूध पर 5 रुपये प्रति लीटर अनुदान दिया जा रहा है। इसके अलावा मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत 23 लाख से अधिक पशुओं का बीमा किया जा चुका है।
युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पेपर लीक और भर्ती अनियमितताओं के मामलों में 569 आरोपियों को गिरफ्तार किया है तथा पिछले ढाई वर्षों में 410 परीक्षाएं बिना पेपर लीक के संपन्न कराई गई हैं।
उन्होंने बताया कि अब तक 1.78 लाख से अधिक युवाओं को नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि 1.32 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है और 70 हजार से अधिक नए पदों पर भर्ती की तैयारी चल रही है। साथ ही राजस्थान युवा नीति के माध्यम से स्टार्टअप, उद्यमिता और स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है।
शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि लाखों विद्यार्थियों को निःशुल्क पुस्तकें, ड्रेस, साइकिल और मेधावी छात्राओं को स्कूटी उपलब्ध कराई गई हैं। आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को सप्ताह में पांच दिन दूध उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य योजना, मा वाउचर योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, 450 रुपये में एलपीजी सिलेंडर, सामाजिक सुरक्षा पेंशन में वृद्धि और लखपति दीदी योजना जैसी योजनाओं से लाखों परिवार लाभान्वित हो रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विशेष योग्यजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को ऋण चेक तथा कोविड-19 में अनाथ हुए लाभार्थियों को अनुकंपा नियुक्ति पत्र भी वितरित किए।
प्रमुख लोकार्पित परियोजनाएं
- कुंभलगढ़-भादसोड़ा सड़क सुदृढ़ीकरण एवं चौड़ीकरण (64 करोड़ रुपये से अधिक)
- दरीबा में 220 केवी जीएसएस (46 करोड़ रुपये से अधिक)
- नाथद्वारा में नई दुग्ध प्रसंस्करण इकाई (लगभग 40 करोड़ रुपये)
- नाथद्वारा और भीम में खेल स्टेडियम एवं सड़क विकास कार्य
- स्वास्थ्य केंद्रों के नए भवनों से जुड़े 38 कार्य
- 50 बेड मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य इकाई (भीम)
- 49 पेयजल परियोजनाएं
- विद्यालय एवं महाविद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विकास कार्य
- देवगढ़ में एफएसटीपी प्लांट एवं नाथद्वारा में पशुपालक प्रशिक्षण संस्थान
जिन परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास
- विभिन्न सड़कों और विद्यालयों से जुड़े 59 विकास कार्य
- राजसमंद नगर परिषद क्षेत्र में 37 सड़क निर्माण कार्य
- कुंभलगढ़ क्षेत्र में बेड़च का नाका बांध परियोजना का सर्वे एवं डीपीआर
- ताल में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का नया भवन
- खारी फीडर नहर एवं ग्रामीण पेयजल परियोजनाएं
- वेस्ट मैनेजमेंट, एसटीपी प्लांट, ओपनवेल, एनिकट, नहर, आंगनबाड़ी और विद्यालय भवनों के निर्माण एवं मरम्मत कार्य
कार्यक्रम में विधायक सुरेंद्र सिंह राठौड़, दीप्ति किरण माहेश्वरी, विश्वराज सिंह मेवाड़ सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।