लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बोले- कांग्रेस ने तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार, लूट और झूठ की राजनीति को बढ़ावा दिया; भाजपा सरकार बिजली, पानी और रोजगार के क्षेत्र में कर रही ऐतिहासिक काम
भरतपुर। (रितु मेहरा) मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को भरतपुर नगर निगम चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो किया। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में आमजन सड़कों पर उमड़े। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान की अपील करते हुए कहा कि राजस्थान के विकास के लिए केंद्र और राज्य में डबल इंजन की सरकार के बाद अब निकाय और पंचायत स्तर पर ट्रिपल इंजन की सरकार आवश्यक है।
कांग्रेस पर तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार के आरोप
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार, लूट और झूठ की राजनीति को बढ़ावा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासन में वर्षों तक जनता की मूलभूत आवश्यकताओं और विकास की मांगों को चुनावी मुद्दा बनाकर वोट मांगे गए।
उन्होंने कहा कि आचार संहिता के नाम पर विकास कार्यों को रोकने की राजनीति की जाती रही, जबकि भाजपा सरकार विकास को प्राथमिकता दे रही है।
‘काकाजी ही करवा रहे वन स्टेट-वन इलेक्शन’
मुख्यमंत्री ने वन स्टेट-वन इलेक्शन के मुद्दे पर कांग्रेस नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने इसे असंभव कार्य बताते हुए कहा था कि आपके काकाजी भी यह नहीं कर सकते।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने वन स्टेट-वन इलेक्शन के संकल्प को धरातल पर उतारने का काम किया है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेताओं से कहा कि अब वे देख लें कि किस तरह काकाजी ही वन स्टेट-वन इलेक्शन करवा रहे हैं।
बिजली के क्षेत्र में राजस्थान को आत्मनिर्भर बनाने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान राजस्थान में बिजली की स्थिति बेहद खराब थी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के प्रयासों से आज राजस्थान बिजली खरीदने के बजाय दूसरे राज्यों को बिजली देने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार बिजली के साथ-साथ पानी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए भी बड़े स्तर पर काम कर रही है। यमुना जल समझौते और रामजल सेतु लिंक परियोजना जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने इन्हें राजस्थान के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
युवाओं को रोजगार देने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में युवाओं को पांच वर्ष में 4 लाख सरकारी नौकरियां और 6 लाख निजी क्षेत्र में रोजगार देने का वादा किया था।
उन्होंने दावा किया कि सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति के परिणामस्वरूप ढाई वर्षों में 1 लाख 89 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। वहीं, 1 लाख 22 हजार से अधिक भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं और 70 हजार नई भर्तियां निकाली जा चुकी हैं।
मुख्यमंत्री के अनुसार निजी क्षेत्र में भी साढ़े 4 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार दिया जा चुका है।
‘लालच और प्रलोभन में न आएं’
मुख्यमंत्री ने मतदाताओं से अपील की कि चुनाव के दौरान कुछ लोग जनता को बरगलाने और प्रलोभन देने का प्रयास कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता किसी भी तरह के लालच में नहीं आएं और अपने क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दें।
उन्होंने जनता से ऐसे लोगों को जवाब देने की अपील की, जिन पर उन्होंने भ्रष्टाचार और लूट की राजनीति को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ की चुनावी बैठक
रोड शो के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक में नगर निगम चुनाव की रणनीति पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान कराने और सभी निकायों में भाजपा का बोर्ड बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।
इस अवसर पर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, विधायक बहादुर सिंह कोली, डॉ. शैलेष सिंह, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।




















































