लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जनता की आकांक्षाओं पर पूरी तरह खरी उतर रही है राज्य सरकार : भजनलाल शर्मा
जयपुर ।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर भारतीय जनता पार्टी विधायक दल की बैठक आयोजित हुई। बैठक में आगामी 1 सितंबर (सोमवार) से प्रारंभ हो रहे विधानसभा सत्र को सुचारु रूप से संचालित करने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं और लोकहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतर रही है सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्य की डबल इंजन सरकार राजस्थान के चहुंमुखी विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रही है। प्रदेश की जनता ने जिन आकांक्षाओं और विश्वास के साथ सरकार का चुनाव किया है, भाजपा सरकार उन पर पूरी तरह खरी उतर रही है।
विधायकों को दिए निर्देश
शर्मा ने कहा कि सभी मंत्री अपने विभाग से जुड़े प्रश्नों के उत्तर की पूरी तैयारी के साथ सदन में उपस्थित हों और राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे जनहित के कार्यों की जानकारी विस्तार से दें।
उन्होंने विधायकों से अपील की कि वे सदन में पूरे समय उपस्थित रहें, विपक्ष के मुद्दों पर सरकार का सहयोग करें और जनहित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता से उठाएं।
कांग्रेस पर निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल सदन की कार्यवाही बाधित करना है, जबकि भाजपा की प्राथमिकता सदन को जनता की अपेक्षाओं का मंच बनाना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि विपक्ष के भ्रामक प्रचार का सशक्त प्रतिकार किया जाएगा और सरकार कई नए विधेयक लाने जा रही है, जिन्हें पारित करवाने में सभी विधायक सहयोग करें।
विकास कार्यों पर फोकस
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि भाजपा सरकार ने पिछले डेढ़ साल के कार्यकाल में पूर्ववर्ती सरकार के पांच साल से अधिक विकास कार्य किए हैं। उन्होंने विधायकों से कहा कि इन उपलब्धियों को सदन और मीडिया दोनों में प्रमुखता से प्रस्तुत करें।
आगामी अभियान और कार्यक्रम
शर्मा ने जानकारी दी कि राज्य सरकार जल्द ही सेवा पखवाड़ा, गांव चलो अभियान, शहर चलो अभियान, सहकारिता आंदोलन और खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम शुरू करने जा रही है। उन्होंने सभी विधायकों से इन अभियानों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
बैठक में शामिल नेता
इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल, सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग सहित राज्य मंत्रिपरिषद के सदस्य एवं विधायकगण उपस्थित रहे।