लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर:
जयपुर पुलिस ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास को बम से उड़ाने की धमकी देने के मामले में 70 वर्षीय बुजुर्ग को झुंझुनू जिले से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी नशे का आदी है और पहले भी कई बार धमकी भरे फोन कर चुका है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह आरोपी ने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर मुख्यमंत्री आवास को बम से उड़ाने की धमकी दी। कॉल की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत उसकी लोकेशन ट्रेस की और झुंझुनू से दबोच लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी मुख्यमंत्री को मारने, एयरपोर्ट को उड़ाने और पुलिस कंट्रोल रूम को धमकाने की घटनाओं में लिप्त रहा है। हर बार वह नशे की हालत में फोन करता और अनर्गल धमकियां देता था।
फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह अकेला है या उसके पीछे कोई और व्यक्ति या संगठन शामिल है। बार-बार मिल रही धमकियों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी है।












































