लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्ट – दुर्योधन मयंक, उनियारा
उनियारा। राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शनिवार को टोंक–सवाई माधोपुर जिले की महत्वपूर्ण सिंचाई एवं पेयजल परियोजना ईसरदा बांध परियोजना का निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना स्थल पर चल रहे कार्यों की बारीकी से जानकारी ली और अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की। इस दौरान टोंक जिला कलेक्टर टीना डाबी तथा सवाई माधोपुर कलेक्टर कानाराम भी मौजूद रहे।
उच्च स्तरीय सुरक्षा और प्रशासनिक मौजूदगी
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के तहत टोंक एसपी राजेश कुमार मीना और सवाई माधोपुर एसपी ज्येष्ठा मैत्रयी भी मौके पर उपस्थित रहीं। परियोजना से जुड़े सभी विभागीय अधिकारी भी निरीक्षण में शामिल रहे।
समय पर पूरा करने के निर्देश
मुख्य सचिव ने बैठक कर परियोजना की समग्र समीक्षा की और अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ईसरदा बांध परियोजना को निर्धारित समय सीमा में पूरा करना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
परियोजना की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई और सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।