लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कठूमर (अलवर), संजीव बंसल। कठूमर उपखंड मुख्यालय क्षेत्र में एक महिला को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर लूटपाट करने का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, चांदपुर निवासी यशोदा बाई पत्नी मोहन सिंह 6 अप्रैल 2026 को अपने पीहर डीग जा रही थीं। वह कठूमर बस स्टैंड के पास एक दुकान पर बस का इंतजार कर रही थीं, तभी एक अज्ञात महिला उनके पास पहुंची और बातचीत के दौरान अपने आप को भी डीग जाने वाला बताया।
इसके बाद उस महिला का एक साथी पैप्सी (कोल्ड ड्रिंक) लेकर आया, जिसे तीनों ने पीया। बताया गया कि बाद में बची हुई कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद पीड़िता बेहोश हो गई और आरोपियों के साथ बाइक पर बैठ गई।
पीड़िता को बाद में नदबई क्षेत्र के ग्राम अस्तावन के पास होश आया। होश में आने पर उसने शोर मचाया तो आरोपियों ने उसे खेतों की ओर ले जाकर मारपीट की। आरोप है कि एक व्यक्ति ने दराते से वार किया और दूसरे ने तमंचा दिखाकर धमकाया।
इसके बाद आरोपियों ने महिला से सोने के कुण्डल, अंगूठी, मंगलसूत्र, चांदी की पाजेब तथा 1000 रुपये नकद छीन लिए और मौके से फरार हो गए।
होश में आने पर पीड़िता ने राहगीर की मदद से अपने पति को सूचना दी और मामला पुलिस थाना कठूमर को बताया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें पीड़िता और आरोपियों को भरीथल क्षेत्र में सुबह 11:34 बजे तथा कटारा के नायरा पेट्रोल पंप पर 12:12 बजे पेट्रोल भरवाते हुए देखा गया है।
पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
