Home latest लांपोलाई विद्यालय में बनेगा मशीनयुक्त जल मंदिर

लांपोलाई विद्यालय में बनेगा मशीनयुक्त जल मंदिर

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

भामाशाह जांगिड़ परिवार की पहल, विद्यार्थियों को मिलेगा शुद्ध एवं ठंडा पेयजल

पादूकलां। निकटवर्ती ग्राम लांपोलाई स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मशीनयुक्त जल मंदिर का निर्माण कराया जाएगा। यह जनहितकारी कार्य विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक अनिल कुमार टाक के प्रयासों से संभव हो सका है।

जानकारी के अनुसार, जल मंदिर का निर्माण स्वर्गीय रमजीराम जांगिड़ एवं उनकी धर्मपत्नी स्वर्गीय बाली बाई की पुण्य स्मृति में उनके सुपुत्र सत्यनारायण जांगिड़, धर्मपत्नी सरोज देवी, सुपौत्र अंकित जांगिड़ तथा सुपुत्री मोनू जांगिड़ द्वारा करवाया जाएगा। इस परियोजना पर लगभग 3 लाख 71 हजार रुपये की लागत आएगी।

विद्यालय परिसर में स्थापित होने वाले इस मशीनयुक्त जल मंदिर से विद्यार्थियों को वर्षभर स्वच्छ, शीतल एवं सुरक्षित पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे विशेष रूप से गर्मी के मौसम में छात्रों को राहत मिलेगी तथा विद्यालय में बेहतर सुविधाओं का विस्तार होगा।

भामाशाह जांगिड़ परिवार की इस सराहनीय पहल पर विद्यालय परिवार, ग्रामीणों एवं गौशाला समिति ने उनका आभार व्यक्त करते हुए अभिनंदन किया। ग्रामीणों ने इसे शिक्षा, समाजसेवा और जनकल्याण के प्रति प्रेरणादायी योगदान बताया।

इस अवसर पर वरिष्ठ अध्यापक अनिल कुमार टाक के प्रयासों की भी सराहना की गई, जिनके सहयोग और समन्वय से विद्यार्थियों के हित में यह महत्वपूर्ण कार्य साकार होने जा रहा है।

विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों ने जांगिड़ परिवार के सुख, समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके इस पुनीत कार्य की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version