लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर | प्रदीप कुमार डागा
कृषि विभाग, राजस्थान राज्य बीज निगम तथा हाल ही में सामने आए कथित रिश्वत एवं अनियमितताओं के मामलों को लेकर जिला कांग्रेस कार्यालय नागौर में कांग्रेस जिलाध्यक्ष हनुमानराम बांगड़ा ने प्रेस वार्ता आयोजित की।
प्रेस वार्ता में बांगड़ा ने कहा कि कृषि विभाग और बीज निगम से जुड़े मामलों में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की कार्रवाई तथा दर्ज प्रकरणों ने प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कृषि विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार के मामलों में जवाबदेही तय की जानी चाहिए तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराई जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसान नकली बीज, खाद और कृषि संबंधी विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं, जबकि सरकार किसानों के हितों की रक्षा करने में विफल रही है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के मामलों पर पर्दा डालने का प्रयास किया जा रहा है।
जिलाध्यक्ष बांगड़ा ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद से इस्तीफा देने की मांग की। उनका कहना था कि जांच पूरी होने तक मंत्री पद पर बने रहना उचित नहीं होगा।
प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने किसानों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए कृषि क्षेत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
