Home latest स्वाभिमान भोज सेवा और सम्मान का प्रतीक : डॉ. अरुण चतुर्वेदी

स्वाभिमान भोज सेवा और सम्मान का प्रतीक : डॉ. अरुण चतुर्वेदी

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

भीलवाड़ा | विनोद सेन

राजस्थान वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी ने अपने एक दिवसीय भीलवाड़ा प्रवास के दौरान रेलवे स्टेशन के निकट स्थित गजाधर मानसिंहका धर्मशाला में संचालित स्वाभिमान भोज रसोई का अवलोकन किया। इस अवसर पर धर्मशाला प्रबंधन एवं जवाहर फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम में डॉ. चतुर्वेदी ने कहा कि “स्वाभिमान भोज” अपने नाम के अनुरूप स्वाभिमान और सेवा का प्रतीक है। भूखे व्यक्ति को भोजन कराना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है तथा अन्नदान से बढ़कर कोई दान नहीं होता। उन्होंने एलएनजे भीलवाड़ा ग्रुप द्वारा सामाजिक सरोकारों के तहत संचालित इस पहल की सराहना की।

जवाहर फाउंडेशन के प्रभारी रजनीश वर्मा ने बताया कि फाउंडेशन कला, साहित्य, खेलकूद, महिला सशक्तिकरण, खाद्य सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण तथा भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों के संरक्षण के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। फाउंडेशन के अंतर्गत वर्तमान में राजस्थान में 11 स्वाभिमान भोज रसोई इकाइयां संचालित हैं, जिनके माध्यम से पिछले पांच वर्षों में करीब 33 लाख लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जा चुका है।

डॉ. चतुर्वेदी ने कहा कि राजस्थान सरकार की अन्नपूर्णा रसोई योजना की तर्ज पर यह पहल आमजन को सम्मानपूर्वक भोजन उपलब्ध कराने का सराहनीय प्रयास है। उन्होंने अन्य भामाशाहों और समाजसेवियों से भी ऐसे जनहित कार्यों में सहयोग देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, राष्ट्रीय गौ सेवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश मानसिंहका, राष्ट्रपति पुरस्कृत चित्रकार प्रकाश जोशी, वैभव जोशी, अनुराधा झा, शिल्पी सिंह, दिनेश साहनी, अंतरराष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी अश्विनी वैष्णव, सुनील झा, सत्यम झा, रसोई संचालिका दीपिका एवं रजिया बानो सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version