लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भरतपुर/कासगंज। उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में शुक्रवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में भरतपुर जिले के तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब गंगा स्नान के लिए जा रही एक निजी बस सामने से आ रही रोडवेज बस से टकरा गई।
जानकारी के अनुसार भरतपुर जिले के एक ही परिवार के करीब 40 सदस्य सोरोंजी स्थित गंगा घाट पर स्नान के लिए गुरुवार रात करीब 11 बजे निजी बस से रवाना हुए थे। सुबह कासगंज पहुंचने पर कथित तौर पर बस चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे बस नियंत्रण खो बैठी और सामने से आ रही एटा रोडवेज की बस से भिड़ गई।
हादसा इतना भीषण था कि दोनों बसों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए यात्रियों को बसों से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
तीन लोगों की मौत
हादसे में गिर्राज सिंह (85) निवासी फरसो और पीतम (65) निवासी नगला कुर्वारिया को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल राम धकेली (80) निवासी नगला कुर्वारिया को पहले आगरा रेफर किया गया, बाद में परिजन उन्हें भरतपुर के आरबीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कई घायल, कुछ रेफर
हादसे में बस में सवार कई लोग घायल हुए हैं। कुछ घायलों का उपचार कासगंज, आगरा और अलीगढ़ के अस्पतालों में चल रहा है, जबकि कई लोगों को निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
रोडवेज बस के यात्री भी घायल
एटा रोडवेज बस में भी चार से पांच यात्री सवार थे। उन्हें मामूली चोटें आई हैं और उनका उपचार कासगंज में किया जा रहा है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे का कारण निजी बस चालक को आई नींद की झपकी माना जा रहा है।