लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं खरीद की अवधि बढ़ाकर 19 जून 2026 तक कर दी है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने रबी विपणन सीजन 2026-27 के लिए यह निर्णय लिया है, जिससे पंजीकृत किसान अब निर्धारित अवधि तक अपनी उपज समर्थन मूल्य पर बेच सकेंगे।
राज्य सरकार ने किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए गेहूं खरीद लक्ष्य को 23.50 लाख मीट्रिक टन से बढ़ाकर 28.50 लाख मीट्रिक टन कर दिया है। अब तक प्रदेश में 3 लाख से अधिक किसानों से 25.90 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है।
सरकार द्वारा किसानों को केंद्र सरकार के 2,585 रुपये प्रति क्विंटल एमएसपी के साथ 150 रुपये प्रति क्विंटल बोनस भी दिया जा रहा है। इस प्रकार किसानों को कुल 2,735 रुपये प्रति क्विंटल का भुगतान मिल रहा है। इसके चलते राजस्थान देश के उन अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है, जहां किसानों को गेहूं का सर्वाधिक मूल्य प्राप्त हो रहा है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच के अनुरूप डबल इंजन सरकार किसानों की आय बढ़ाने, फसल का उचित मूल्य दिलाने तथा कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि खरीद कार्य सुचारू रूप से संचालित हो, किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा खरीदे गए गेहूं के सुरक्षित भंडारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
खरीद अवधि बढ़ाए जाने से उन किसानों को विशेष लाभ मिलेगा, जिनकी उपज अब तक समर्थन मूल्य पर नहीं बिक पाई थी और वे अब 19 जून तक अपनी फसल बेच सकेंगे।

















































