लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
प्रेस वार्ता में पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश ने दी जानकारी
जोधपुर | रिपोर्टर: बृजकिशोर पारीक
जोधपुर | जोधपुर पुलिस आयुक्तालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश (आईपीएस) ने कंबोडिया से संचालित एक बड़े अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड प्रकरण का खुलासा किया। यह कार्रवाई साइबर अपराधों के विरुद्ध जोधपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश ने बताया कि यह साइबर ठगी गिरोह सोशल मीडिया, फर्जी निवेश योजनाओं और विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से आमजन को झांसे में लेकर लाखों रुपये की ठगी कर रहा था। तकनीकी विश्लेषण, बैंकिंग ट्रांजेक्शन और डिजिटल ट्रेल के आधार पर गिरोह की गतिविधियों का पर्दाफाश किया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रकरण में संबंधित आरोपियों की पहचान कर ली गई है तथा उनके नेटवर्क की गहन जांच जारी है। जोधपुर पुलिस द्वारा साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सतत निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस आयुक्त ने आमजन से अपील की कि वे किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, या ऑनलाइन निवेश प्रस्ताव से सावधान रहें तथा किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन को दें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि साइबर अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और आम नागरिकों की डिजिटल सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है।















































