जयपुर एयरपोर्ट पर हज यात्रियों की पहली फ्लाइट का भव्य स्वागत, 428 हाजी लौटे स्वदेश

0
20
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

परिजनों और शुभचिंतकों ने फूल-मालाओं से किया इस्तकबाल, भावुक हुए हाजी और उनके परिवारजन

मकराना (प्रदीप कुमार डागा)।

हज का मुकद्दस सफर पूरा कर राजस्थान के हज यात्रियों की वतन वापसी का सिलसिला शुरू हो गया है। हज यात्रियों को लेकर आने वाली इस सीजन की पहली फ्लाइट शुक्रवार रात जयपुर एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर पहुंची। निर्धारित समय से करीब दो घंटे की देरी के बाद विमान रात 10:30 बजे जयपुर पहुंचा, जहां हाजियों के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में परिजन, मित्र और शुभचिंतक मौजूद रहे।

हज कमेटी के जिला संयोजक हाजी शेख मोईनुद्दीन अशरफी ने बताया कि पहली फ्लाइट में कुल 428 हाजी सवार थे। एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही हाजियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। अपनों से मुलाकात के दौरान कई हाजी और उनके परिजन भावुक नजर आए तथा खुशी के इस पल को यादगार बनाया।

एयरपोर्ट पर किए गए विशेष इंतजाम

हज यात्रियों की सुविधा और मार्गदर्शन के लिए एयरपोर्ट पर विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। इस दौरान पूर्व हज कमेटी सदस्य अब्दुल हकीम खान, वसीम खान तथा मइनुद्दीन शेख सहित कई स्वयंसेवक मौजूद रहे, जिन्होंने यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई।

वर्षों से कर रहे हैं हाजियों की सेवा

उल्लेखनीय है कि अब्दुल हकीम खान, वसीम खान और मइनुद्दीन शेख पिछले कई वर्षों से जयपुर एयरपोर्ट पर हज यात्रियों की सेवा और सहायता में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वे हाजियों की सुविधा, मार्गदर्शन और स्वागत व्यवस्थाओं में निरंतर सहयोग प्रदान करते आ रहे हैं।

अमन-चैन और भाईचारे की मांगी दुआ

इस अवसर पर हाजियों के स्वागत के लिए कई गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। इनमें प्रमुख रूप से अब्दुल हमीद मेवाती (पूर्व अल्पसंख्यक अध्यक्ष), जावेद कागजी, अब्दुल जब्बार, असद अहमद कुरैशी और मोहम्मद इरशाद शामिल थे।

सभी ने हाजियों को हज की मुबारकबाद दी तथा देश में अमन, शांति, सौहार्द और भाईचारे की दुआ की।

भावनाओं से भरा रहा स्वागत का दृश्य

एयरपोर्ट पर स्वागत का माहौल बेहद भावुक और उत्साहपूर्ण रहा। लंबे समय बाद अपनों से मिलकर हाजी और उनके परिजन खुशी से सराबोर नजर आए। हज यात्रा पूरी कर लौटे यात्रियों ने अल्लाह का शुक्र अदा करते हुए अपने अनुभव साझा किए और सभी के लिए दुआएं मांगीं।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here