- Advertisement -
लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
आमजन को राहत देकर सेवा और समाधान का बनाएं महाभियान
जिला प्रभारी सचिव एवं संभागीय आयुक्त करें शिविरों का निरीक्षण
बिजली, पानी एवं चिकित्सा के प्रकरण प्राथमिकता से करें निस्तारित
शिविरों में आने वाली अतिक्रमण की शिकायतों पर हो तुरंत कार्रवाई
– मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
– जिला कलक्टर्स विशेष टीम गठित कर शिविरों का करें औचक निरीक्षण
– सफलता की कहानियों का हो प्रचार-प्रसार, ताकि अन्य नागरिक उठाएं शिविरों का लाभ
– एक ही छत के नीचे मिल रहा योजनाओं, नागरिक सुविधाओं और रियायतों का लाभ
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों के जरिए राज्य सरकार आमजन को घर के निकट ही त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से विभिन्न योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं के प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही, प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का संवेदनशीलता के साथ निराकरण कर घर-घर सुशासन पहुंचाने के संकल्प को भी साकार किया जाए।
मुख्यमंत्री ने रविवार को ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों के संबंध में मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित बैठक में अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिला कलक्टर्स को शिविरों के आयोजन एवं इनमें उपलब्ध सेवाओं का सभी मीडिया माध्यमों पर प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने शिविरों में कार्मिकों की उपस्थिति एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य प्रणाली सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देशित किया।

उन्होंने कहा कि आमजन को राहत पहुंचाकर इन शिविरों को सेवा एवं समाधान का महाभियान बनाया जाए। वहीं, सभी संबंधित विभाग और समस्त जिला प्रशासन इन शिविरों के सम्पूर्ण क्रियान्वयन एवं मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी का गंभीरता से पालन करें। उन्होंने जिला प्रभारी सचिव एवं संभागीय आयुक्तों को इन शिविरों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। वहीं, समस्त जिला कलक्टर्स को अधिकारियों की विशेष टीम गठित कर शिविरों का औचक निरीक्षण कर रिपोर्ट बनवाने के लिए भी निर्देशित किया। 

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि आमजन की आवश्यकता से जुड़े बिजली, पानी और चिकित्सा के प्रकरणों पर प्राथमिकता से कार्य किया जाए, जिससे अधिक से अधिक आमजन लाभान्वित हो सकें। उन्होंने 181 के माध्यम से जिलावार शिकायतों के त्वरित समाधान के भी निर्देश दिए। साथ ही, मानसून पूर्व तैयारियां कर जलभराव की समस्याओं के स्थाई समाधान के लिए भी निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि शिविरों में आने वाली अतिक्रमण की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की जाए। 

मुख्यमंत्री ने शिविरों में लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के विरूद्ध जिला कलक्टर्स को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने कहा कि इन शिविरों में मिलने वाली विशेष रियायतों के प्रकरणों की सम्पूर्ण जानकारी सूचीबद्ध की जाए, ताकि पेंडेंसी की स्थिति में उनका उचित निस्तारण किया जा सके। वहीं, उन्होंने शिविरों में लाभान्वितों की सफलता की कहानियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, जिससे अन्य नागरिक भी इन शिविरों का लाभ उठा सकें।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन में अंत्योदय एवं जनसेवा के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए राज्य सरकार 12 जून से 15 जुलाई तक ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का आयोजन कर रही है। जिसमें एक ही छत के नीचे विभिन्न योजनाओं, नागरिक सुविधाओं एवं विशेष रियायतों से आमजन को लाभान्वित किया जा रहा है। 

बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी एवं सभी जिला कलक्टर्स वीसी के माध्यम से जुड़े। वहीं, मुख्यमंत्री कार्यालय, नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन, राजस्व, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पंचायतीराज विभाग सहित अन्य विभागों के उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।
- Advertisement -




















































