लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
दो दिन में समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
उनियारा | (सत्यप्रकाश मयंक)। उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत पलाई के ग्रामीणों ने नवनियुक्त ग्राम विकास अधिकारी को पंचायत का चार्ज शीघ्र दिलवाने की मांग को लेकर टोंक जिला कलेक्टर कल्पना अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा। इस पर जिला कलेक्टर ने ग्रामीणों को जल्द समाधान का आश्वासन दिया है।
ग्रामीणों ने जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर बताया कि ग्राम पंचायत पलाई में नियुक्त ग्राम विकास अधिकारी शैलेंद्र सिंह को अब तक चार्ज नहीं दिया गया है, जिससे पंचायत के सभी कार्य ठप पड़े हैं।
निलंबन के बाद भी चार्ज नहीं दिया
ग्रामीणों ने बताया कि 19 दिसंबर को राज्य सरकार के आदेश पर पंचायत समिति टोंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने ग्राम पंचायत पलाई के तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी रमेश प्रजापत को निलंबित कर पंचायत समिति टोंक में उपस्थिति देने के निर्देश दिए थे। इसके बाद उनियारा विकास अधिकारी द्वारा आदेश जारी कर शैलेंद्र सिंह को ग्राम पंचायत पलाई में ग्राम विकास अधिकारी नियुक्त किया गया।
नवनियुक्त ग्राम विकास अधिकारी ने 26 दिसंबर 2025 को पदभार ग्रहण कर लिया था, लेकिन इसके बावजूद 25 दिन बीत जाने के बाद भी निलंबित अधिकारी द्वारा चार्ज नहीं सौंपा गया।
पंचायत कार्य पूरी तरह ठप
चार्ज नहीं मिलने के कारण ग्राम पंचायत के विकास कार्य, सफाई व्यवस्था और आमजन के जरूरी काम पूरी तरह बंद पड़े हैं, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
निलंबित अधिकारी पर लगाए गंभीर आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निलंबित ग्राम विकास अधिकारी रमेश प्रजापत अपने दो वर्ष के कार्यकाल में दो बार निलंबित हो चुके हैं और एक बार एपीओ भी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद राजनीतिक रसूख के चलते उन्हें हर बार बहाल कर पुनः ग्राम पंचायत पलाई में ही नियुक्त कर दिया जाता है, जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
ग्रामीणों ने मांग की कि बहाली की स्थिति में भी रमेश प्रजापत को ग्राम पंचायत पलाई में पुनः नियुक्त नहीं किया जाए।
आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दो दिवस के भीतर ग्राम विकास अधिकारी को पंचायत का चार्ज नहीं दिलवाया गया, तो ग्रामवासी ग्राम पंचायत भवन पर ताला लगाकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में शामिल
ज्ञापन सौंपने वालों में ग्राम पंचायत प्रशासक लादूलाल, ग्रामीण भगवान, रामदेव, किशनलाल, ओंकार, समाजसेवी रामकिशन धाकड़, कालूराम, आशाराम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
