लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
डीटीएस निस्तारण की होगी सख्त मॉनिटरिंग
जयपुर (आर एन सांवरिया) – जयपुर विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन की अध्यक्षता में जेडीए चिंतन सभागार में पब्लिक ग्रीवेंस (डीटीएस) के निस्तारण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जेडीए ने पारदर्शी और त्वरित निस्तारण के लिए कई अहम बदलाव किए। अब डीटीएस प्रकरणों में मोबाइल नंबर दर्ज करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा, सिस्टम में ‘मोबाइल सर्च’ का विकल्प भी उपलब्ध कराया जाएगा और संबंधित अधिकारियों (OICs) को मोबाइल नंबर अपडेट करने का अधिकार दिया गया है।
निर्णय लिया गया कि डीटीएस का जवाब सीधे आवेदकों को भेजा जाएगा ताकि प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। निस्तारित प्रकरणों की निगरानी जेडीसी स्तर पर होगी, जबकि अस्वीकृत प्रकरणों का रैंडम परीक्षण अतिरिक्त आयुक्तों द्वारा किया जाएगा।
जेडीए ने डीटीएस की पेंडेंसी को तत्काल कम करने और सभी निजी सहायकों को प्रणाली के प्रभावी संचालन हेतु विशेष प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही तय किया गया कि प्रत्येक शुक्रवार दोपहर 2 बजे के बाद प्रकरणों को उपायुक्त जोन कार्यालयों या प्रकोष्ठों को भेजा जाएगा, ताकि आगामी सप्ताह में उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित हो सके।