लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्ट: गौतम शर्मा, राजसमंद
राजसमंद। जिले में दशामाता पूजन कार्यक्रम सम्पन्न होने के बाद कुंवारिया, रामपुरिया, जोधपुरा, खण्डेल, लापस्या सहित आसपास के गांवों में गेहूं और जौ की नई फसल पककर तैयार हो गई है। इन दिनों किसान तेज धूप के बीच खेतों में फसल की कटाई में जुटे हुए हैं।
फसल कटाई के कारण गांवों में खेतों की ओर चहल-पहल बढ़ गई है, जबकि बाजारों में लोगों की आवाजाही कम दिखाई दे रही है। किसान दिनभर खेतों में व्यस्त रहने के कारण बाजारों में सामान्य दिनों की तुलना में सन्नाटा सा नजर आ रहा है।
कटाई के इस सीजन में मजदूरों की कमी भी देखने को मिल रही है। किसानों का कहना है कि फसल कटाई के लिए मजदूर आसानी से उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। वहीं मजदूरों ने भी मजदूरी बढ़ाने की मांग शुरू कर दी है।
महिला मजदूर काजल और सुनीता ने बताया कि इन दिनों हर खेत में कटाई का काम चल रहा है, जिससे मजदूरों की मांग बढ़ गई है। पहले जहां मजदूरी करीब साढ़े तीन सौ रुपये मिलती थी, वहीं अब मजदूर 400 रुपये तक की मजदूरी मांग रहे हैं।
फिलहाल किसान तेजी से फसल कटाई में जुटे हुए हैं ताकि समय रहते गेहूं और जौ की फसल सुरक्षित रूप से घर पहुंचाई जा सके।
