लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
ब्यूरो चीफ – मनजीत सिंह, श्रीगंगानगर
श्रीगंगानगर। शहर में प्रस्तावित कचरा प्लांट के विरोध में शुक्रवार को बड़ा जनआंदोलन देखने को मिला। वार्ड नंबर 34 और 1 एफ छोटी क्षेत्र में प्रस्तावित प्लांट के खिलाफ हजारों लोग सड़कों पर उतर आए और जिला कलेक्ट्रेट का घेराव किया।
प्रदर्शन की शुरुआत महाराजा गंगासिंह चौक से हुई, जहां से रैली के रूप में बड़ी संख्या में लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और क्षेत्र में कचरा प्लांट स्थापित करने के निर्णय का विरोध जताया गया।
आंदोलन का नेतृत्व भाजपा नेता एवं समाजसेवी अशोक चांडक ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि यूआईटी द्वारा बिना जनसहमति के गुपचुप तरीके से एनओसी जारी कर दी गई, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
कलेक्ट्रेट पर हुई वार्ता के दौरान प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर डॉ. अमित यादव से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं। अशोक चांडक ने स्पष्ट कहा कि घनी आबादी वाले क्षेत्र में कचरा प्लांट स्थापित करना स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक प्रस्तावित कचरा प्लांट को निरस्त नहीं किया जाता, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि एक क्षेत्र की समस्या का समाधान दूसरे क्षेत्र पर थोपना उचित नहीं है।
बताया जा रहा है कि मामले को लेकर 15 अप्रैल को हाईकोर्ट में सुनवाई प्रस्तावित है। ऐसे में इस विरोध प्रदर्शन ने प्रशासन और सरकार का ध्यान इस मुद्दे की ओर आकर्षित किया है।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।