लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्ट: मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ श्रीगंगानगर
श्रीगंगानगर। जिले के गजसिंहपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। गजसिंहपुर-पदमपुर सड़क मार्ग पर गोल्डन पब्लिक स्कूल के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित क्रेटा कार ने सड़क किनारे पैदल जा रही चार प्रशिक्षु महिला पटवारियों को टक्कर मार दी। हादसे में दो महिला पटवारियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, चारों महिला पटवारी प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान स्कूल के पास सड़क किनारे पैदल गजसिंहपुर की ओर आ रही थीं। इसी दौरान तेज गति से आ रही क्रेटा कार चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और कार ने चारों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
दो गंभीर घायल जिला अस्पताल रेफर
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को एंबुलेंस की सहायता से गजसिंहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर घायल महिला पटवारियों को बेहतर इलाज के लिए श्रीगंगानगर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, दो अन्य घायल महिला पटवारियों का उपचार गजसिंहपुर CHC में जारी है।
कार चालक को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया
हादसे के बाद कार चालक मौके से भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि कार चालक खुद को पुलिसकर्मी बता रहा है। पुलिस उसके दावे की जांच कर रही है।
CCTV में कैद हुआ हादसा
घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार कार महिला पटवारियों को टक्कर मारती हुई दिखाई दे रही है। पुलिस फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।
सूचना मिलते ही गजसिंहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और चालक से पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद प्रशासन और प्रशिक्षण से जुड़े अधिकारियों में भी हड़कंप मचा हुआ है।