लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
लोसल (सीकर)। (ओम प्रकाश सैनी)
सीकर जिले के धोद थाना क्षेत्र के सरवड़ी गांव में मंगलवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। गांव के एक युवक पर आरोप है कि उसने घर में घुसकर छह माह की गर्भवती महिला पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 वर्षीय प्रियंका, पुत्री प्रहलाद सिंह, पिछले करीब तीन महीने से अपने पीहर सरवड़ी में रह रही थी। प्रियंका का एक तीन वर्षीय बेटा है और वह छह माह की गर्भवती है।
बताया जा रहा है कि घटना के समय प्रियंका के पिता घर से कुछ दूरी पर आवश्यक सामान लेने गए हुए थे। करीब दस मिनट बाद लौटने पर उन्होंने अपनी बेटी को घर के अंदर खून से लथपथ और अचेत अवस्था में पड़ा देखा। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल लोसल अस्पताल पहुंचाया।
गंभीर हालत में सीकर रेफर
लोसल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एसके अस्पताल, सीकर रेफर कर दिया। वर्तमान में पीड़िता का उपचार अस्पताल के आईसीयू में चल रहा है।
गांव के युवक पर हमला करने का आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया है कि गांव निवासी सुरेश सैनी, जो पेशे से सब्जी विक्रेता है, चाकू लेकर घर में घुसा और प्रियंका के गले पर हमला कर फरार हो गया।
हालांकि, पीड़िता के पिता प्रहलाद सिंह का कहना है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि आरोपी ने यह हमला क्यों किया। फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही धोद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी घटना के बाद से फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही वारदात के पीछे के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
पुलिस ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
