लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सालवी समाज ने निकाली भव्य शोभायात्रा
सैकड़ों श्रद्धालु हुए शामिल, डीजे की धुन पर थिरके महिला-पुरुष; जगह-जगह पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
राजसमंद। गौतम शर्मा। भादवी बीज के अवसर पर घाटी गांव में सालवी समाज की ओर से बाबा रामदेवजी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। डीजे पर गूंज रहे बाबा रामदेवजी के भजनों पर श्रद्धालु नृत्य करते हुए चल रहे थे। पूरे गांव में बाबा रामदेवजी के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया।
रोशन लाल सालवी ने बताया कि शोभायात्रा गांव स्थित बाबा रामदेवजी मंदिर से धार्मिक भजनों के साथ रवाना हुई। शोभायात्रा के आगे चार श्रद्धालु नेजा खेलाते हुए चल रहे थे। उनके पीछे बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष श्रद्धालु बाबा रामदेवजी के भजनों पर नृत्य करते हुए चल रहे थे।
जगह-जगह हुआ शोभायात्रा का स्वागत
शोभायात्रा गांव के मुख्य मार्ग सहित विभिन्न गली-मोहल्लों से होकर गुजरी। इस दौरान ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। श्रद्धालुओं की आरती उतारी गई और महिलाओं ने बाबा रामदेवजी के पारंपरिक गीत गाए।
शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु लगातार ‘बाबा रामदेवजी महाराज की जय’ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। धार्मिक भजनों और जयकारों से पूरा गांव भक्तिमय नजर आया।
मंदिर पहुंचकर चढ़ाए चार नेजे, हुई विशेष आरती
शोभायात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस बाबा रामदेवजी मंदिर पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने जयकारों के बीच चारों नेजे मंदिर में चढ़ाए। इसके बाद बाबा रामदेवजी की विशेष आरती की गई।
आरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। शोभायात्रा में सालवी समाज सहित विभिन्न समाजों के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और बाबा रामदेवजी के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
