लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भादवी बीज पर उमड़ा आस्था का सैलाब, आंजना महादेव में एक माह से चल रहे राम रसोड़े का हुआ समापन
सत्यनारायण सेन, गुरला
भीलवाड़ा/रायपुर। भादवी बीज के महापर्व पर भीलवाड़ा जिले के पालरा (रायपुर) क्षेत्र में बाबा रामदेवजी के प्रति श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। सेन समाज पालरा की ओर से बाबा रामदेवजी का भव्य निशान (नेजा) मियाला धाम के लिए रवाना किया गया। नेजा यात्रा में समाज के महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
आंजना महादेव में एक माह से चल रहा राम रसोड़ा संपन्न
धार्मिक यात्रा के दौरान आंजना महादेव (देवगढ़) में पिछले एक माह से पैदल यात्रियों की सेवा के लिए संचालित विशाल राम रसोड़े का समापन हुआ। राम रसोड़े का आयोजन नारायण लाल सेन, पालरा (रायपुर) की ओर से किया गया था।
एक माह तक चले इस भंडारे में बाबा रामदेवजी के दर्शन के लिए पैदल जाने वाले हजारों श्रद्धालुओं के लिए भोजन और विश्राम की व्यवस्था की गई। श्रद्धालुओं और यात्रियों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे सेवा और आस्था का सराहनीय प्रयास बताया।
आरती के बाद डीजे की धुन पर झूमे श्रद्धालु
राम रसोड़े के समापन अवसर पर बाबा रामदेवजी के पवित्र निशान की विधि-विधान से आरती की गई। इसके बाद डीजे पर बज रहे भक्तिमय गीतों पर महिला और पुरुष श्रद्धालु नाचते-गाते नजर आए।
बाबा रामदेवजी के जयकारों के बीच श्रद्धालु नेजा लेकर मियाला धाम पहुंचे और बाबा के दरबार में पवित्र निशान चढ़ाया। इस दौरान पूरा माहौल बाबा की भक्ति में रंगा नजर आया।
वाहनों के काफिले के साथ निकली नेजा यात्रा
सेन समाज की ओर से नेजा यात्रा को भव्य रूप दिया गया। श्रद्धालु विभिन्न वाहनों के काफिले के साथ मियाला धाम के लिए रवाना हुए। हाथों में बाबा रामदेवजी का पवित्र नेजा लेकर श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते और जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े।
भादवी बीज के अवसर पर निकली इस धार्मिक यात्रा से पालरा सहित आसपास का क्षेत्र बाबा रामदेवजी की भक्ति और जयकारों से गूंज उठा।
