Home latest 23 अगस्त से राजमंदिर सिनेमा में प्रत्येक रविवार को नियमित...

23 अगस्त से राजमंदिर सिनेमा में प्रत्येक रविवार को नियमित रूप से राजस्थानी फिल्मों का प्रदर्शन

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

जयपुर। राजस्थानी सिनेमा को नई पहचान और संगठित मंच देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। आगामी 23 अगस्त 2026 से जयपुर के प्रतिष्ठित राजमंदिर सिनेमा में प्रत्येक रविवार को नियमित रूप से राजस्थानी फिल्मों का प्रदर्शन होगा। यह प्रदर्शन ग्रुप रिलीज़ कॉन्सेप्ट के तहत किया जाएगा, जिसे राजस्थानी सिनेमा के प्रचार-प्रसार, उत्थान और सर्वांगीण विकास की दिशा में एक अभिनव प्रयोग माना जा रहा है।

लेखक-निर्देशक लखविंदर सिंह ने बताया कि ग्रुप रिलीज़ के माध्यम से नए निर्माता-निर्देशकों को भी अपनी फिल्मों के प्रदर्शन के लिए एक साझा मंच मिलेगा। इस पहल को लेकर राजस्थान के निर्माता-निर्देशकों के साथ एक सेमिनार आयोजित किया गया, जिसमें सभी ने इस विचार का स्वागत करते हुए सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने बताया कि NK मित्तल & LS Films तथा रेखा परिहार डांस एंड म्यूजिकल ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान के पहले चरण में 23 अगस्त से 27 दिसंबर 2026 के बीच कुल 12 राजस्थानी फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। सभी शो प्रत्येक रविवार सुबह 9:30 बजे राजमंदिर सिनेमा में आयोजित होंगे, जिनमें नई और पुरानी दोनों तरह की फिल्मों को शामिल किया जाएगा।

निर्माता नंद किशोर मित्तल ने कहा कि यह पहल राजस्थानी सिनेमा के लिए एक क्रांतिकारी कदम साबित होगी। इससे निर्माता और निर्देशक एक साझा मंच पर आकर एक-दूसरे की फिल्मों को अधिक से अधिक दर्शकों तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास कर सकेंगे। उनका कहना है कि यह आयोजन राजस्थानी फिल्म उद्योग “रॉयलवुड” को व्यावसायिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

वहीं निर्मात्री रेखा परिहार ने कहा कि वर्तमान में राजस्थानी सिनेमा आपसी मतभेदों के कारण बिखरा हुआ है। ऐसे में ग्रुप रिलीज़ का यह नवाचार सभी फिल्मकारों को एक मंच पर लाने और उद्योग को संगठित करने का प्रयास है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिस तरह देश के अन्य क्षेत्रीय फिल्म उद्योग लगातार आगे बढ़ रहे हैं, उसी तरह यह पहल राजस्थानी सिनेमा को भी नई पहचान और मजबूती प्रदान करेगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version