लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भरतपुर। भरतपुर के मथुरा गेट थाना क्षेत्र में गाय को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ, जिसमें एक पक्ष की दो महिलाएं घायल हो गईं। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार मंजू ने बताया कि 3 मई को पड़ोस में रहने वाले सांवलिया मीणा के परिवार की महिलाएं उनके घर के बाहर बंधी गाय को खोलकर ले गईं। सुबह जब मंजू ने गाय को नहीं पाया तो आसपास तलाश करने पर पता चला कि गाय सांवलिया मीणा के घर ले जाई गई है। इसके बाद मंजू का परिवार गाय वापस लेने के लिए उनके घर पहुंचा, लेकिन सांवलिया मीणा ने गाय लौटाने से इनकार कर दिया।
इस मुद्दे को लेकर पहले भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसकी शिकायत मंजू पक्ष ने मथुरा गेट थाने में दी थी। बुधवार को विवाद फिर बढ़ गया, जब मंजू की बहन रेखा घर के बाहर दूसरी गाय का दूध निकाल रही थी। इसी दौरान दूसरे पक्ष ने हमला कर दिया, जिसके बाद दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों को एक-दूसरे पर पत्थर फेंकते देखा जा सकता है। पथराव में मंजू और रेखा घायल हो गईं, जिन्हें उपचार के लिए भेजा गया है। पुलिस ने दोनों का मेडिकल करवाया है।
मथुरा गेट थाने के एएसआई नरेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।