लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
शिकायत लेकर सैकड़ों ग्रामीण पहुंचे विधायक नरेन्द्र बुड़ानिया के निवास
सरकार व प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप, प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
तारानगर,चूरू | बुधराम वर्मा
चूरू | चूरू जिले के तारानगर विधानसभा क्षेत्र में एसआईआर (Special Intensive Revision) के तहत तैयार की जा रही मतदाता सूची में गलत तरीके से वोट काटे जाने की शिकायतों को लेकर सैकड़ों ग्रामीण स्थानीय विधायक नरेन्द्र बुड़ानिया के निवास पर पहुंचे और उनसे चर्चा की।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि पहले 15 जनवरी थी, जिसे निर्वाचन आयोग द्वारा बढ़ाकर 19 जनवरी किया गया, लेकिन इसके बावजूद कई योग्य मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं।

सरकार और नुमाइंदों पर वोट काटने का आरोप
आक्रोशित ग्रामीणों ने सरकार एवं प्रशासनिक नुमाइंदों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जानबूझकर गड़बड़ी की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें आशंका है कि कांग्रेस समर्थक एवं विशेष जातिगत वोटों को काटने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि इस प्रकार की कार्रवाई नहीं रुकी तो वे इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे और प्रदेशभर में ऐतिहासिक व उग्र आंदोलन किया जाएगा।

विधायक बुड़ानिया का आश्वासन
ग्रामीणों की बात सुनने के बाद विधायक नरेन्द्र बुड़ानिया ने उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा—
“जब तक मेरे शरीर में प्राण हैं, तब तक मैं आपके हक के लिए लड़ता रहूंगा और किसी भी जायज वोट को कटने नहीं दूंगा।”
उन्होंने कहा कि वे इस पूरे मामले को गंभीरता से लेकर संबंधित अधिकारियों से बात करेंगे और योग्य मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करेंगे।
इस अवसर पर कृष्ण कुमार सहारण, हरिसिंह बेनिवाल, विमला कालवा, भंवरू खां, अजीज खां, जैसाराम मेघवाल, दौलतराम मेघवाल, पन्नालाल कस्वां, प्रकाश मेघवाल, मुंशी खां, दिनेश प्रजापत, जगदीश सहारण, रामस्वरूप झाझड़िया, मानसिंह सैनी, कुंदन सैनी सहित आसपास के गांवों से आए सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।











































