लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
अंग्रेजी बबूल हटाने की योजना का ऐलान
जोधपुर। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने जोधपुर दौरे के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा पर सीधा हमला बोला। दिलावर ने आरोप लगाया कि डोटासरा के कार्यकाल में शिक्षकों के “पैसे लेकर तबादले” होते थे। उनका कहना था कि यह केवल उनका आरोप नहीं, बल्कि तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सामने भी शिक्षकों ने इस तरह की शिकायतें दर्ज कराई थीं।
फलोदी में दिलावर ने कहा, “डोटासरा के समय में रुपए लेकर तबादले किए जाते थे। कांग्रेस सरकार में यह प्रचलन था, हमारी सरकार में ऐसा नहीं है।”
पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों पर बयान
राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षिका शीला आसोपा के तबादले से जुड़े सवाल पर दिलावर ने कहा कि सम्मानित शिक्षकों का कर्तव्य है कि वे कमजोर बच्चों को उच्चस्तरीय शिक्षा दें, विवादों में न उलझें।
चुनाव कार्य में शिक्षकों की ड्यूटी
शिक्षकों को चुनाव और जनगणना कार्य में लगाने पर दिलावर ने कहा कि यह विशेष अवसरों की व्यवस्था है, केवल राजस्थान में ही नहीं बल्कि पूरे देश में प्रचलित है।
अंग्रेजी बबूल हटाने का ऐलान
दिलावर ने यह भी कहा कि राज्य से अंग्रेजी बबूल (Prosopis juliflora) को समूल नष्ट किया जाएगा। उनके अनुसार, “यह पौधा जमीन को नुकसान पहुंचाता है, अन्य वनस्पतियों को दबा देता है और पशु इसे नहीं खाते। इसे रोकने के लिए जल्द कदम उठाए जाएंगे।”
राजनीतिक तकरार तेज
हाल ही में हुए बड़े पैमाने पर शिक्षक-प्रिंसिपल तबादलों को लेकर राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस नेता डोटासरा ने इन तबादलों पर जातिगत व राजनीतिक द्वेष का आरोप लगाया है, जबकि दिलावर ने इसे प्रशासनिक और लोकतांत्रिक प्रक्रिया बताया। दोनों नेताओं के बयानों से यह मुद्दा प्रदेश की सियासत का केंद्र बन गया है।
