लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
आसपुर (डूंगरपुर)। आसपुर थाना क्षेत्र के कस्बे में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। कस्बे की एक सरकारी शिक्षिका के सूने मकान में अज्ञात चोर लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और 20 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए।
जानकारी के अनुसार शिक्षिका सुबह 7 बजे घर को लॉक कर स्कूल गई थीं। करीब 10:30 बजे जब उनका बेटा घर पहुंचा तो चोरी का पता चला। आश्चर्य की बात यह है कि यह वारदात आसपुर पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई।
गौरतलब है कि इससे पहले 20 अगस्त को भी कस्बे में एक अन्य शिक्षिका लूनाक्षी कलाल के घर चोरी की वारदात हुई थी। लगातार हो रही चोरियों से क्षेत्र में आमजन में आक्रोश व्याप्त है।
मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।