लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
केंद्रीय मंत्री अश्वनी वैष्णव ने अभियान की सराहना की, आत्मनिर्भर भारत के संदेश को दिया बल
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया)|
जयपुर शहर भाजपा की ओर से दीपावली से पूर्व आयोजित “आत्मनिर्भर भारत एवं संकल्प” अभियान के तहत गुरुवार को आत्मनिर्भर भारत रोजगार उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर घुमंतू जाति उत्थान न्यास द्वारा कार्यकुशलता और रुचि के आधार पर चिन्हित विधवा महिलाओं, गरीब और निराश्रित परिवारों को स्वरोजगार के लिए आवश्यक सामग्री वितरित की गई।
54 परिवारों को स्वरोजगार के साधन प्रदान
भाजपा जयपुर शहर अध्यक्ष अमित गोयल ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत कुल 54 परिवारों को स्वरोजगार हेतु विभिन्न सामग्री दी गई। इसमें शामिल हैं:
-
ठेले और विभिन्न प्रकार की सामग्री
-
कबाड़ी के लिए 7 ट्रॉली रिक्शा
-
वजन तोलने की मशीनें
-
वैल्डिंग की मशीनें और लोहारी का सामान
-
सौंदर्य निखार उत्पाद
-
मूंगफली और गजक के ठेले
-
किराने का सामान और अन्य रोजगार साधन
केंद्रीय मंत्री अश्वनी वैष्णव ने इस अवसर पर वंदे भारत एक्सप्रेस और इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग के उदाहरण देकर बताया कि भारत अब विश्वस्तरीय तकनीक और उद्योग में आत्मनिर्भर बन रहा है। उन्होंने कहा कि जयपुर के 5000 युवाओं को इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग की ट्रेनिंग दी जाएगी।
आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान और प्रधानमंत्री मोदी का संदेश
वैष्णव ने सभी लाभार्थियों को माला, दुपट्टा और नारियल भेंट कर उनके रोजगार की शुरुआत की। उन्होंने कहा:
“2014 के बाद नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने आत्मविश्वास और आर्थिक शक्ति को पुनः जागृत किया है। हमारा लक्ष्य 2047 तक विकसित भारत का निर्माण करना है।”
अभियान की संयोजक रेखा राठौड़ ने कहा कि इस कार्यक्रम के पीछे अंत्योदय का विचार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा है। पहली बार स्वरोजगार शुरू करने जा रहे परिवारों को दिवाली के अवसर पर रोजगार उपलब्ध कराना उनके जीवन में खुशियाँ लाने जैसा है। महिलाओं को इस अवसर पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख लोग
कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश महामंत्री ओम भड़ाना, प्रदेश मंत्री स्टेफी चौहान, जयपुर हेरिटेज नगर निगम की महापौर कुसुम यादव, अभियान संयोजक महेंद्र यादव, विजय शर्मा, संजय जयसवाल, भाजपा पदाधिकारी, व्यापारी और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। मंच संचालन राजेश ताम्बी ने किया।

















































