लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
मौका निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
अजमेर। (संवाददाता : नितिन मेहरा)
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शनिवार को दयानंद कॉलोनी का जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) और नगर निगम के अधिकारियों के साथ मौके पर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
दयानंद कॉलोनी में गंदे पेयजल की सप्लाई की शिकायत मिलने पर देवनानी ने अधिकारियों के साथ समाधान के लिए विस्तृत चर्चा की। उन्होंने नगर निगम आयुक्त देशल दान से दूरभाष पर बात कर समस्या निवारण के लिए टीम लगाकर तत्काल कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
प्रभावित परिवारों से मुलाकात
निरीक्षण के दौरान देवनानी ने स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ जलजनित बीमारियों से प्रभावित व्यक्तियों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने उन्हें उचित उपचार और हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
देवनानी ने स्पष्ट कहा कि “जनता को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस समस्या का तुरंत समाधान होना चाहिए।”














































