लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जल संरक्षण व आवास योजनाओं की ली समीक्षा
पादूकलां (नागौर)। जिला कलक्टर देवेन्द्र कुमार ने मंगलवार को रियांबड़ी ब्लॉक के विभिन्न गांवों का दौरा कर केंद्र व राज्य सरकार की विकास योजनाओं की प्रगति का जमीनी स्तर पर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जल संरक्षण, मनरेगा, कुसुम योजना तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को गुणवत्ता व समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्राम पादूखुर्द में जिला कलक्टर ने जलग्रहण विभाग द्वारा किसानों के खेतों में बनाए गए वर्षा जल संग्रहण टांकों का निरीक्षण किया। उन्होंने किसान ओमप्रकाश एवं सुखाराम के खेतों में निर्मित छत आधारित जल संग्रहण संरचनाओं का अवलोकन करते हुए अधिक से अधिक पात्र किसानों को योजना से जोड़ने तथा जल संरक्षण कार्यों का विस्तार करने पर जोर दिया।
इसके बाद उन्होंने विधायक मद से निर्मित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के पुस्तकालय भवन तथा डीएमएफटी मद से बने सार्वजनिक डिजिटल पुस्तकालय भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की सराहना करते हुए इनका उपयोग अधिकतम छात्र-छात्राओं तक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत लाभार्थी पतासी देवी के आवास का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान कलक्टर ने निर्माण गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी ली।
सथानाकलां में जिला कलक्टर ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा वन क्षेत्र का भ्रमण कर वन विभाग की गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर कमियां एवं अनियमितताएं पाई गई हैं, जिनके सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, बिजली एवं नालियों से जुड़ी समस्याएं भी कलक्टर के समक्ष रखीं। इस पर उन्होंने संबंधित विभागों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए तथा डीएफयू प्लांट्स से जुड़ी समस्याओं के निराकरण हेतु जिला स्तरीय सर्वे कराने की बात कही।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी विनीत कुमार सुखाड़िया, तहसीलदार अशोक कुमार, विकास अधिकारी भंवरलाल सिंघाड़िया, जिला परिषद एक्सईएन हनुमान कापड़ी, जलग्रहण विभाग एक्सईएन प्रकाशचंद्र हठीला, सहायक अभियंता राकेश कुमार मेहरिया, सहायक विकास अधिकारी जगदीश प्रसाद सैनी, ग्राम विकास अधिकारी हंसराज मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



















































