लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर, । जिले के जायल क्षेत्र की ग्राम पंचायत बुगरड़ा में सोमवार को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की तथा चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे तथा शिविरों में प्राप्त अधिकतम प्रकरणों का निस्तारण मौके पर ही किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर प्रशासन और आमजन के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम हैं, जहां लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
शिविर के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल पर कलेक्टर की प्रेरणा से भामाशाह जगदीश प्रसाद बिंचर ने आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए बच्चों के सटीक वजन मापन हेतु डिजिटल वजन मशीन उपलब्ध कराई। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर की बेहतर निगरानी के साथ कुपोषण की समय पर पहचान संभव होगी।
ग्रामीण सेवा शिविर में विभिन्न विभागों ने कई प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया। राजस्व विभाग ने तीन खातों का विभाजन तथा 13 नाम शुद्धि के मामलों का समाधान किया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सात लाभार्थियों को गृह प्रवेश के लिए प्रतीकात्मक रूप से चाबियां वितरित की गईं। वहीं, मंगला पशु बीमा योजना के पात्र पशुपालकों को पॉलिसी कार्ड तथा टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत चिन्हित मरीजों को पोषण किट वितरित कर नियमित उपचार के लिए प्रेरित किया गया।












































