लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
कार्यक्रम में भीलवाड़ा फोकस के प्रथम संस्करण का हुआ लोकार्पण
पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं और इनकी आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा: विधायक खंडेलवाल
विधायक गोपाल खंडेलवाल और मंडल अध्यक्ष राजेंद्र बंजारा ने प्रेस ट्रस्ट बिजौलिया के पत्रकारों को वितरित किए आईडी कार्ड
भीलवाडा। (पंकज पोरवाल) जिले के प्रेस ट्रस्ट बिजौलिया द्वारा नगर के रिद्धि सिद्धि रिसॉर्ट में मंगलवार को भव्य पत्रकार सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल मुख्य अतिथि रहे। अध्यक्षता भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र बंजारा ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने जोगणियां माता से पधारे पंडित नारायण और अमित द्वारा किए गए वैदिक मंत्रोच्चार के साथ दीप प्रज्वलन से किया।
इस अवसर पर प्रेस ट्रस्ट के अध्यक्ष श्याम विजय के नेतृत्व में पदाधिकारियों द्वारा सभी अतिथियों का साफा पहनाकर व गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया गया। साथ ही विधायक गोपाल खंडेलवाल और मंडल अध्यक्ष राजेंद्र बंजारा द्वारा प्रेस ट्रस्ट बिजौलिया के पत्रकारों को आईडी कार्ड का वितरण किया गया। कार्यक्रम के अंत में भीलवाड़ा फोकस के प्रथम संस्करण का लोकार्पण भी किया गया। विधायक खंडेलवाल ने अपने संबोधन में पत्रकारों के हितों की रक्षा का आश्वासन देते हुए कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं और इनकी आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा।
साथ ही उन्होंने भीलवाड़ा रोड स्थित नेशनल हाईवे पर आरोली और होड़ा टोल पर पत्रकारों को शीघ्र छूट दिलाने का वादा किया। मंडल अध्यक्ष राजेंद्र बंजारा ने पत्रकारों की भूमिका को समाज के लिए मार्गदर्शक बताते हुए कहा कि बिजौलिया की क्रांतिकारी भूमि से समाज को नई दृष्टि देने वाला यह मंच निश्चित रूप से सकारात्मक परिवर्तन का वाहक बनेगा। वरिष्ठ पत्रकार मूलचंद पेसवानी ने ग्रामीण पत्रकारिता की महत्ता को रेखांकित करते हुए इसे जनसंवेदना की असली आवाज बताया। शिक्षाविद एवं “स्वतंत्र गूंज” के संपादक घनश्याम सोनी ने मीडिया की पहुँच को हर उस व्यक्ति तक बढ़ाने की अपील की, जो अब तक पत्रकारिता की दृष्टि से अछूते रहे हैं।
