लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
भरतपुर।
भरतपुर रेलवे स्टेशन पर इन दिनों बंदरों का आतंक यात्रियों के लिए बड़ी समस्या बना हुआ है। आए दिन बंदर यात्रियों पर हमला कर रहे हैं और हाथों से खाने-पीने का सामान छीनकर भाग जाते हैं।
स्थानीय यात्री राहुल मदेरणा ने बताया कि सोमवार सुबह प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर सीढ़ियों से जाते समय बंदरों के झुंड ने एक महिला और एक युवक पर हमला कर दिया। गनीमत रही कि महिला को गंभीर चोट नहीं आई।
स्टेशन पर हर दिन बड़ी संख्या में देसी और विदेशी पर्यटक पहुंचते हैं, लेकिन बंदरों के कारण यात्री असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि बंदरों के झुंड प्लेटफॉर्म, टीन शेड और फुट ओवरब्रिज पर डेरा जमाए रहते हैं। कई बार बंदर अचानक छलांग लगाकर यात्रियों के हाथ से थैला और अन्य सामान छीन लेते हैं।
विशेषकर महिला यात्री अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहती हैं। वहीं, खानपान स्टालों से भी बंदर सामान उठा ले जाते हैं और यात्रियों के बैग व लगेज को नुकसान पहुंचाते हैं।
यात्री राहुल मदेरणा ने इस समस्या को लेकर रेलवे अधिकारियों से अपील की है कि बंदरों को पकड़कर अन्यत्र छोड़ा जाए, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।










































