लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
केंद्रीय OBC सूची में शामिल करने की मांग; आंदोलन की रणनीति पर हुई चर्चा
बरसात ने बिगाड़ा रैली का माहौल
लोग बरसात से बचने के लिए सुरक्षित स्थान तलाशते रहे
भरतपुर। भरतपुर जिले के नदबई कस्बे में डहरा मोड़ पर रविवार को जाट समाज हुंकार रैली का आयोजन किया। जिसमें राजस्थान के 3 जिलों (भरतपुर, धौलपुर और डीग) के जाटों ने केन्द्र की OBC सूची में शामिल करने की मांग की है।
हुंकार रैली में भरतपुर सांसद संजना जाटव पहुंचीं। जिसके बाद नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल शाम 4:40 बजे सभा स्थल पर पहुंचे। वहीं सभा में आंदोलन की रणनीति पर भी चर्चा की गई। भरतपुर-धौलपुर-डीग जाट आरक्षण संघर्ष समिति के संयोजक नेम सिंह फौजदार ने कहा-यह सभा जाट समाज के अधिकारों की आवाज बुलंद करने के लिए की जा रही है।
रैली में शामिल होने के लिए रविवार सुबह से ही आस-पास के गांव के लोगों का सभा स्थल (डेहरा मोड) पहुंचना शुरू हो गया था। सभा स्थल पर विशाल टेंट लगाया गया था और मंच बनाया गया है। रैली में बड़ी संख्या में लोग शामिल हैं। आयोजकों का दावा है कि तीनों जिलों के अलावा राजस्थान के दूसरे इलाकों और दूसरे राज्यों से भी लोग रैली में आए।
रैली में हुई बरसात ने रैली का माहौल खराब कर दिया लोग पांडाल में बरसात से बचने के लिए सुरक्षित स्थान तलाशते नजर आए।
ये हैं मुख्य मांगें
भरतपुर, धौलपुर और डीग जिलों के जाटों को केन्द्र की ओबीसी सूची में शामिल किया जाए।
वर्ष 2015 से 2017 के बीच विभिन्न विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को शीघ्र नियुक्ति दी जाए।
महाराजा सूरजमल कल्याण बोर्ड का गठन किया जाए।
पूर्व में आरक्षण आंदोलनों के दौरान जाट समाज के लोगों पर दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं।
वहीं दोपहर करीब 3:30 बजे बारिश शुरू हो गई। जिससे सभा स्थल पर पानी भर गया। इस दौरान सभा में मौजूद लोग बारिश से बचाव के लिए इधर उधर भागते नजर आए।
सुरक्षा के व्यापक इंतजाम, 550 पुलिस कर्मी तैनात
सभा को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए । डहरा मोड़ सहित सभा स्थल के पास पुलिस बल तैनात किया गया ।