भाजपा ने घोषित किए राज्यसभा उम्मीदवार, पूनिया और अलका गुर्जर को मिला टिकट

0
24
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

सत्यनारायण सेन गुरला

जयपुर/नई दिल्ली। राजस्थान में आगामी राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद अपने प्रत्याशियों के नामों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। पार्टी ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया और राष्ट्रीय सचिव डॉ. अलका गुर्जर को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है।

भाजपा के इस फैसले को प्रदेश की सामाजिक और क्षेत्रीय राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। पार्टी ने जाट और गुर्जर समुदाय के प्रतिनिधित्व को साधते हुए संतुलन साधने की कोशिश की है।

डॉ. सतीश पूनिया वर्तमान में हरियाणा भाजपा के प्रभारी हैं और पूर्व में राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्हें राज्यसभा भेजकर पार्टी ने जाट समुदाय को बड़ा राजनीतिक संदेश देने का प्रयास किया है।

वहीं, डॉ. अलका गुर्जर को उम्मीदवार बनाकर भाजपा ने महिला प्रतिनिधित्व बढ़ाने के साथ-साथ पूर्वी राजस्थान के गुर्जर वोट बैंक को भी साधने की रणनीति अपनाई है।

सूत्रों के अनुसार, राजस्थान भाजपा प्रदेश नेतृत्व की ओर से केंद्रीय नेतृत्व को कुल 7 नामों का पैनल भेजा गया था, जिसमें राजेंद्र राठौड़, ज्योति मिर्धा और नारायण पंचारिया जैसे वरिष्ठ नेताओं के नाम भी शामिल थे। हालांकि अंतिम चयन सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए किया गया।

चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन प्रक्रिया 8 जून तक चलेगी और मतदान 18 जून 2026 को होगा, जिसके बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।

वर्तमान में राजस्थान विधानसभा की संख्या के आधार पर खाली हो रही 3 सीटों में से 2 सीटें भाजपा और 1 सीट कांग्रेस के खाते में जाने की संभावना जताई जा रही है। परिणामस्वरूप राज्यसभा में भाजपा की सीटें बढ़कर 6 हो सकती हैं, जबकि कांग्रेस के पास 4 सीटें रह जाएंगी।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here