लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जयपुर शहर के जिला अध्यक्ष अमित गोयल के नेतृत्व में संगठन के एक वर्ष पूरे होने पर शहर में भव्य और उत्साहपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारी बारिश के बावजूद शहर के कोने-कोने से 5,000 से अधिक कार्यकर्ता उमड़े, जिससे संगठन की एकता और शक्ति का संदेश गया।
कार्यक्रम में फूलमालाओं के साथ जिला अध्यक्ष का स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज और आतिशबाजी ने समारोह को और भव्य बना दिया। सौहार्द एवं एकता के प्रतीक स्वरूप सफेद और केसरिया रंग के हजारों गुब्बारे आसमान में छोड़े गए। एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गाजर के हलवे का केक भी काटा गया।
जिला पदाधिकारियों ने अमित गोयल को 51 किलो की विशाल माला पहनाकर सम्मानित किया। इसके अलावा कार्यकर्ताओं ने महाराणा प्रताप की प्रतिमा, हनुमान जी का गोटा और तलवार भेंट कर उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम में नाच-गाने और उत्साहपूर्ण झांकियों के साथ जोश और ऊर्जा का अद्भुत संगम देखा गया।
अमित गोयल ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने का संकल्प दोहराया और “संगठन गढ़े चलो, सुपंथ पर बढ़े चलो” का नारा देकर सभी में नया उत्साह और ऊर्जा भरी। 
कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के मंत्री, विधायक, भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी, पार्षद, पूर्व पार्षद और हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। साथ ही संत समाज के राघवेंद्राचार्य जी, परशुराम जी महाराज, कमलेश जी महाराज और साध्वीगण की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।
पूरा कार्यक्रम संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और भाजपा की राजनीतिक ताकत का प्रतीक रहा, जिसने जयपुर शहर की राजनीति में स्पष्ट संदेश दिया।
















































